रिपोर्ट/नारद संवाद न्यूज़

रामनगर बाराबंकी। महादेवा क्षेत्र के ग्राम लोधौरा निवासी ललिता किन्नर ने अपने चेले पर घर से पांच लाख रुपये नकद, डेढ़ किलो चांदी और पांच तोला सोना लेकर फरार होने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।ललिता किन्नर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्नाव जनपद के थाना सोहरामऊ क्षेत्र के आशाखेड़ा गांव निवासी गोलू उर्फ बिछी उनके घर पर रहकर घरेलू कार्य करता था। बुधवार की शाम वह आवश्यक कार्य से करीब पांच बजे कड़कापुर बाजार गई थीं। रात करीब 8:30 बजे घर लौटने पर गोलू उर्फ बिछी घर से गायब मिला। आरोप है कि घर की अलमारी में रखे पांच लाख रुपये नकद, करीब डेढ़ किलो चांदी और पांच तोला सोना भी गायब था।पीड़िता के अनुसार, घटना के बाद उन्होंने आरोपी की काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने स्थानीय थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।प्रभारी निरीक्षक अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
























