रिपोर्ट/विवेक शुक्ला

रामनगर (बाराबंकी)। लखनऊ-गोंडा हाईवे पर चंदनापुर मोड़ के पास बुधवार को तेज रफ्तार कार ने मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दंपती और उनका आठ वर्षीय पुत्र घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।गोवा बसंतपुर निवासी शिवकुमार दीक्षित (45) पुत्र राम गिरधर अपनी पत्नी देवी (40) और पुत्र शिवांश (8) के साथ बाराबंकी से रामनगर लौट रहे थे। चंदनापुर मोड़ के पास पहुंचे उसी समय पीछे आ रही कार ने उनकी मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और घायलों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर भिजवाया। चिकित्सकों ने तीनों की हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया।उधर, टक्कर मारने के बाद अनियंत्रित कार सड़क किनारे एक पेड़ से टकराकर रुक गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कार चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
























