रिपोर्ट/नारद संवाद न्यूज़ एजेंसी

रामनगर, बाराबंकी। अमोली कीरतपुर स्थित बाबा बृजभूषण सागर धाम छोटी हनुमानगढ़ी मंदिर में श्री बजरंगबली की प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के उपरांत गुरुवार को भव्य एवं विशाल भंडारे का आयोजन श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। भंडारे में क्षेत्र सहित प्रदेश के विभिन्न जनपदों से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं एवं भक्तों ने प्रसाद ग्रहण कर भगवान श्री हनुमान जी का आशीर्वाद प्राप्त किया।श्रद्धालुओं का मानना है कि बाबा बृजभूषण सागर धाम छोटी हनुमानगढ़ी मंदिर आस्था का प्रमुख केंद्र बन चुका है, जहां सच्चे मन से मांगी गई मनोकामनाएं प्रभु श्री हनुमान जी की कृपा से पूर्ण होती हैं। इसी आस्था के चलते दूर-दूर से भक्त दर्शन एवं पूजन के लिए यहां पहुंच रहे हैं।विशाल भंडारे का आयोजन मंदिर के मुख्य महंत श्री श्री 1008 उत्तम गिरि जी महाराज (श्री पंच दशनाम जूना अखाड़ा) के सान्निध्य में संपन्न हुआ। कार्यक्रम को सफल बनाने में क्षेत्र एवं प्रदेश के श्रद्धालुओं तथा भक्तगणों का विशेष सहयोग रहा।मंदिर परिसर में पहुंचे श्रद्धालुओं एवं अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान मंदिर के व्यवस्थापक विनायक गिरि महाराज द्वारा किया गया। पूरे कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा। “जय श्री राम” और “जय बजरंगबली” के जयघोषों से संपूर्ण क्षेत्र गुंजायमान होता रहा।भंडारे की व्यवस्थाओं का संचालन एवं निगरानी अंशुमान सिंह, कमलेश पांडेय, आकाश गिरि, रामू गोस्वामी, रामकरन गोस्वामी, जगराम गिरि एवं मैनेजर पुष्पेंद्र गिरि सहित अनेक सहयोगियों द्वारा की गई। यह विशाल भंडारा प्रातः 11:30 बजे से रात्रि 11:00 बजे तक निरंतर चलता रहा, जिसमें श्रद्धालुओं, महिलाओं, युवाओं एवं हनुमान भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। देर रात तक भंडारा पंडाल श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा।कार्यक्रम में क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक, धर्मप्रेमी एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव एवं विशाल भंडारे की सफलता के बाद बाबा बृजभूषण सागर धाम छोटी हनुमानगढ़ी मंदिर की ख्याति प्रदेश स्तर पर तेजी से बढ़ रही है और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।






























