रिपोर्ट:- Rahul Tripathi
लखनऊ(बाराबंकी) :- 15 जून 2026: श्री रामस्वरूप मेमोरियल यूनिवर्सिटी के इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट, कॉमर्स एवं इकोनॉमिक्स द्वारा इंस्टीट्यूशन इनोवेशन काउंसिल के अंतर्गत सोमवार को “स्मार्ट ट्रेडिंग एंड इन्वेस्टमेंट” विषयक दो दिवसीय कार्यशाला का उद्घाटन किया गया। विश्वविद्यालय के चांसलर इंजी. पंकज अग्रवाल, प्रो-चांसलर इंजी. पूजा अग्रवाल तथा शैक्षणिक सलाहकार आरुषी अग्रवाल के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यशाला का शुभारम्भ दीप प्रज्ज्वलन, सरस्वती वंदना और विश्वविद्यालय कुलगीत के साथ किया गया जिसमें कुलपति प्रो. (डॉ.) विजय तिवारी, इंस्टीट्यूट ऑफ नेचुरल साइंस एंड ह्यूमैनिटीज़ के डायरेक्टर एवं छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. (डॉ.) बी. एम दीक्षित, रजिस्ट्रार प्रो. (डॉ.) हिमेंद्र शर्मा, कॉमर्स एवं इकोनॉमिक्स की विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. वीना सिंह, आईक्यूएसी की डायरेक्टर प्रो. (डॉ.) ऋतु चंद्रा, मैनेजमेंट डिपार्टमेंट की विभागाध्यक्ष (डॉ.) मधु दीक्षित, प्रो. (डॉ.) रज़ाउर रहमान समेत सभी संस्थानों के डायरेक्टर, विभागाध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में शिक्षकों तथा विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।
उद्घाटन के मौके पर विश्वविद्यालय के चांसलर इंजी. पंकज अग्रवाल एवं प्रो-चांसलर इंजी. पूजा अग्रवाल ने सन्देश भेजकर सभी को शुभकामना दिया और उन्होंने कहा कि शिक्षा को मात्र किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं रखना चाहिए। उन्होंने जोर देते हुए कहा, “आज के युग में वित्तीय साक्षरता हर छात्र के लिए आवश्यक है। श्री रामस्वरूप मेमोरियल यूनिवर्सिटी का प्रयास है कि छात्र न केवल अपनी डिग्री पूरी करें बल्कि स्मार्ट ट्रेडिंग, इक्विटी निवेश और जोखिम प्रबंधन जैसे व्यावहारिक विषयों में भी निपुण बनें। यह कार्यशाला हमारे छात्रों को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।” अपने संबोधन में कुलपति प्रो. (डॉ.) विजय तिवारी ने कार्यशाला को विश्वविद्यालय की व्यावहारिक शिक्षा की दिशा में एक मजबूत कदम बताया। उन्होंने कहा, “आज के परिवर्तनशील शेयर बाजार और वित्तीय दुनिया में सैद्धांतिक ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक कौशल अत्यंत जरूरी है। हमारा विश्वविद्यालय छात्रों को ऐसे विशेषज्ञों के माध्यम से प्रशिक्षित करने के लिए प्रतिबद्ध है, जो उन्हें वास्तविक बाजार की चुनौतियों का सामना करने योग्य बनाएंगे।” मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित करते हुए इन्वेस्टमेंट बैंकिंग एवं इक्विटी इन्वेस्टमेंट स्पेशलिस्ट श्री हिमांशु शुक्ला ने सभी को प्रेरित करते हुए कहा, “ट्रेडिंग और निवेश कोई जुआ नहीं, बल्कि अनुशासन, निरंतर सीखने, जोखिम प्रबंधन और सही रणनीति का खेल है। आज के सत्र में मैं छात्रों को बाजार विश्लेषण, इक्विटी निवेश की बुनियादी बातों से लेकर उन्नत ट्रेडिंग टेक्निक्स तक की व्यावहारिक जानकारी दूंगा, ताकि वे आत्मविश्वास के साथ इस क्षेत्र में आगे बढ़ सकें।” उद्घाटन सत्र के बाद श्री हिमांशु शुक्ला द्वारा दो तकनीकी सत्र भी आयोजित किए गए, जिनमें छात्रों ने बड़ी संख्या में भाग लिया और सक्रिय रूप से प्रश्न पूछे। इससे पहले मैनेजमेंट डिपार्टमेंट की विभागाध्यक्ष डॉ. मधु दीक्षित ने विषय को स्थापित करते हुए व्यक्तिगत तथा व्यावसायिक विकास के लिए वित्तीय जागरूकता, निवेश नियोजन तथा बाजार ज्ञान के महत्व को रेखांकित किया।
कार्यशाला के प्रथम सत्र में सभी का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए रजिस्ट्रार प्रो. (डॉ.) हिमेंद्र शर्मा ने कहा, “आज के युवा पारंपरिक नौकरियों के साथ-साथ निवेश और उद्यमिता की ओर भी बढ़ रहे हैं। यह कार्यशाला छात्रों को स्मार्ट ट्रेडिंग की बारीकियों, बाजार के उतार-चढ़ाव को समझने और सुरक्षित निवेश रणनीतियों को सीखने का बेहतरीन अवसर प्रदान करेगी, जिससे वे भविष्य में बेहतर निर्णय ले सकें।” कार्यशाला के कार्यशाला के दूसरे सत्र में सभी का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कॉमर्स एवं इकोनॉमिक्स की विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. वीना सिंह ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी युग में छात्रों को मात्र सैद्धांतिक ज्ञान ही नहीं, बल्कि व्यावहारिक वित्तीय कौशल भी विकसित करने की आवश्यकता है। स्मार्ट ट्रेडिंग और इन्वेस्टमेंट का ज्ञान छात्रों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाएगा, उन्हें आत्मनिर्भर बनाएगा और भविष्य में बेहतर वित्तीय निर्णय लेने में मदद करेगा। कार्यशाला में सह-संयोजक के रूप में डॉ. सैयद मोहम्मद अजीम और दीपक शुक्ला जिम्मेदारी निभा रहे हैं, जबकि आयोजन समिति में डॉ. आशा श्रीवास्तव, शुभी अस्थाना, स्मृति सिंह, अवंतिका त्रिपाठी और श्रमिष्ठा सक्रिय रूप से शामिल हैं। कार्यशाला का दूसरा दिन 16 जून 2026 को परम कैपिटल्स के चेयरमैन श्री मुकुल अग्रवाल के विशेष सत्र के साथ जारी रहेगा।
































