Naradsamvad

[post-views]

थाना समाधान दिवस में 12 शिकायतें, डीएम-एसपी ने दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश,पीपा पुल का भी किया निरीक्षण।

रिपोर्ट/विवेक शुक्ला

रामनगर बाराबंकी। शनिवार को थाना परिसर में आयोजित समाधान दिवस में जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह व पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने करीब एक घंटे तक फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान कुल 12 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से एक का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष प्रकरणों के त्वरित व प्रभावी समाधान के लिए पुलिस व राजस्व विभाग की संयुक्त टीम गठित की गई।समाधान दिवस में आई अधिकांश शिकायतें भूमि विवाद से संबंधित रहीं। जिलाधिकारी ने पूर्व में निस्तारित मामलों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी प्रकरणों का समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक रूप से भटकना न पड़े। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और संबंधित अधिकारी जवाबदेह होंगे।समाधान दिवस के उपरांत जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक प्रशासनिक टीम के साथ सरयू नदी पर बने पीपा पुल का निरीक्षण करने पहुंचे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद संजय सेतु पर चल रहे मरम्मत कार्य की प्रगति की समीक्षा की और कार्य को निर्धारित समय सीमा में हर हाल में पूर्ण करने के निर्देश दिए।इसी क्रम में अधिकारियों ने सरयू नदी में प्रस्तावित खनन स्थल का भी स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने मार्ग, अप्रोच मार्ग व अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि कार्य मानकों के अनुरूप संचालित हो सके।डीएम ईशान प्रताप सिंह ने कहा,समाधान दिवस का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित व पारदर्शी निस्तारण करना है। सभी अधिकारी गंभीरता के साथ शिकायतों का निस्तारण करें और यह सुनिश्चित करें कि किसी भी फरियादी को अनावश्यक रूप से चक्कर न लगाने पड़ें। एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने कहा, “भूमि विवाद से जुड़े मामलों में पुलिस व राजस्व विभाग समन्वय बनाकर कार्य करें। कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और पीड़ितों को हर संभव न्याय दिलाया जाएगा। इस मौके पर एसडीएम आनंद कुमार तिवारी, क्षेत्राधिकारी गरिमा पंत, तहसीलदार विपुल कुमार सिंह, थाना प्रभारी निरीक्षक अरुण प्रताप सिंह, नायब तहसीलदार विजय प्रकाश तिवारी, एनएचआई व खनन विभाग के अधिकारी, राजस्व निरीक्षक, लेखपाल सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

अन्य खबरे

गोल्ड एंड सिल्वर

Our Visitors

871464
Total Visitors
error: Content is protected !!