रिपोर्ट/संदीप शुक्ला

महादेवा (बाराबंकी)। जनपद बाराबंकी के नवागत जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने पदभार ग्रहण करने के बाद बुधवार को प्रसिद्ध लोधेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश व जनपद की सुख-समृद्धि तथा जनकल्याण की कामना करते हुए भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद लिया।मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच बाबा आदित्यनाथ, अनिल शास्त्री द्वारा जिलाधिकारी से पूजा-अर्चना संपन्न कराई गई। पूजा के दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। दर्शन-पूजन के पश्चात जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर एवं लोधेश्वर महादेवा कॉरिडोर के प्रस्तावित एवं चल रहे कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि कॉरिडोर के विकास कार्यों में गुणवत्ता एवं समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए, जिससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।मंदिर पहुंचने पर उपजिलाधिकारी आनंद तिवारी एवं तहसीलदार विपुल कुमार सिंह ने पुष्पगुच्छ भेंट कर जिलाधिकारी का स्वागत किया। वहीं गर्भगृह में ग्राम प्रधान लोधौरा अजय कुमार तिवारी द्वारा स्मृति चिन्ह भेंट किया गया तथा बाबा आदित्यनाथ ने अंगवस्त्र ओढ़ाकर जिलाधिकारी को सम्मानित किया।इस अवसर पर क्षेत्र पंचायत सदस्य सतीश यादव, लेखपाल संतोष कुमार वर्मा, व्यापार मंडल के पदाधिकारी अमित तिवारी, संदीप शुक्ला सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर थाना रामनगर प्रभारी अरुण कुमार सिंह, महादेवा चौकी प्रभारी रजनीश कुमार पांडे, उपनिरीक्षक रवींद्र कुमार सिंह सहित पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।































