रामनगर बाराबंकी।गोंडा–बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग पर सरयू नदी स्थित संजय सेतु के क्षतिग्रस्त अप्रोचों और गड्ढों के मरम्मतीकरण कार्य के दौरान बुधवार को पुल के दोनों ओर भीषण जाम लग गया। हालात को संभालने के लिए पुलिस द्वारा वन साइड कर वाहनों को निकाला गया, इसके बावजूद यातायात कछुए की चाल से चलता रहा।संजय सेतु के अप्रोचों में दरारें आ जाने के साथ ही बड़े-बड़े गड्ढे बन गए थे। इसके अलावा एक ज्वाइंटर पर लगा लोहे का गाटर भी क्षतिग्रस्त हो गया था। स्थिति को देखते हुए एनएचआई विभाग की टीम ने बुधवार सुबह करीब दस बजे से शाम चार बजे तक मरम्मतीकरण कार्य कराया।मरम्मत कार्य के चलते पुल के दोनों ओर कई किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जाम की वजह से राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्कूली बच्चों की गाड़ियां और एंबुलेंस तक जाम में फंसी रहीं, जिससे आमजन में नाराजगी देखी गई।हालांकि मौके पर तैनात पुलिस ने व्यवस्था बनाए रखने के लिए एक तरफ से वाहनों को निकाला। पुल पर ट्रैफिक कांस्टेबल अजीत कुमार सिंह तथा पुल की सीमा पर रामनगर और जरवल पुलिस बल मौजूद रहा।एनएचआई विभाग के कर्मचारियों ने बताया कि संजय सेतु पर मरम्मतीकरण का कार्य 13 दिसंबर तक प्रतिदिन सुबह दस बजे से शाम चार बजे तक जारी रहेगा, इस दौरान यातायात प्रभावित रह सकता है। मरम्मत कार्य के दौरान यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर पायलट वीरेंद्र कुमार ईएमटी अनिरुद्ध मिश्रा एम्बुलेंस के साथ मौके पर मौजूद रहे।