🚨 प्रदीप दुबे हत्याकांड में 48 घंटे बाद भी गिरफ्तारी नहीं, परिजनों में नाराजगी; आश्वासन के बाद किया अंतिम संस्कार
रिपोर्ट:- नारद संवाद
गोंडा:- कटरा बाजार थाना क्षेत्र के दुबेपुरवा गांव में शनिवार रात 20 वर्षीय प्रदीप दुबे की धारदार हथियार से हत्या के मामले में 48 घंटे बाद भी पुलिस पांचों आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। मंगलवार सुबह करीब 7 बजे तक आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।
मामले में राजकुमार सिंह, राकेश सिंह, रामबहोर सिंह और दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तारी नहीं होने से परिजनों में नाराजगी है और वे आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग कर रहे हैं।
⚠️ पहले हादसा मान रही थी पुलिस
प्रदीप शनिवार रात सब्जी लेकर घर लौट रहा था। इसी दौरान उसकी हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद करीब 37 घंटे तक पुलिस मामले को हादसा मानकर जांच कर रही थी।
परिजनों की शिकायत और लगातार मांग के बाद सोमवार सुबह करीब 37 घंटे बाद तीन नामजद और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया।
हत्या के बाद से गांव में पुलिस फोर्स तैनात है। पुलिस लगातार परिजनों को आरोपियों की गिरफ्तारी का भरोसा दे रही है।
🔥 गिरफ्तारी के आश्वासन पर हुआ अंतिम संस्कार
मुकदमा दर्ज होने के बावजूद परिजन सोमवार शाम करीब 6 बजे तक अंतिम संस्कार के लिए तैयार नहीं थे। उन्होंने शव घर पर ही रखा था और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे।
इसके बाद CO करनैलगंज आनंद राय ने परिजनों को समझाया और जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। इसके बाद परिवार ने प्रदीप का अंतिम संस्कार किया।
📹 CCTV और कॉल डिटेल खंगाल रही पुलिस
CO आनंद राय ने बताया कि पांच आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज है और सभी की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज और मोबाइल कॉल डिटेल खंगाल रही है।
उन्होंने प्रदीप के पिता भवानी प्रसाद दुबे को भरोसा दिलाया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी और आरोपियों को कानून के दायरे में लाया जाएगा।
🗣️ पिता बोले- आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करें
प्रदीप के पिता भवानी प्रसाद दुबे ने कहा कि पुलिस ने काफी प्रयास के बाद मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन मिलने पर परिवार ने अंतिम संस्कार किया।
उन्होंने कहा कि उनके बेटे की हत्या करने वाले आरोपी अभी तक गिरफ्तार नहीं हुए हैं। परिवार की मांग है कि सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो।
फिलहाल गांव में पुलिस बल तैनात है और पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश देने के साथ-साथ तकनीकी साक्ष्य जुटा रही है।