रिपोर्ट/विवेक शुक्ला।
ऊंचाई से गिरने की बात सामने आई, पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी
रामनगर, बाराबंकी। रामनगर-फतेहपुर मार्ग स्थित उदय पेट्रोल पंप पर चौकीदारी करने वाले अधेड़ की संदिग्ध परिस्थितियों में घायल होने के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।थाना क्षेत्र के अगानपुर गांव निवासी ऐसनारायण पेट्रोल पंप पर चौकीदार थे। उनके पुत्र के मुताबिक, बृहस्पतिवार रात वह रोज की तरह ड्यूटी करने पेट्रोल पंप गए थे। देर रात परिजनों को सूचना मिली कि ऐसनारायण पेट्रोल पंप से नीचे जाने वाले खड़ंजे पर गंभीर हालत में पड़े हैं। परिजन उन्हें सीएचसी रामनगर लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।शुक्रवार सुबह सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाल के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ऐसनारायण पेट्रोल पंप के किनारे पेशाब करने गए थे। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह काफी ऊंचाई से नीचे गिर गए, जिससे गंभीर चोटें आईं। हालांकि पुलिस अन्य सभी पहलुओं की जांच कर रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
























