रिपोर्ट/विवेक शुक्ला
झाड़ियों में छिपे गड्ढे नहीं आ रहे नजर, जलभराव से सड़क के ऊबड़-खाबड़ हिस्सों का पता लगाना मुश्किल
रामनगर, बाराबंकी। लगातार हो रही बारिश से बांदा-बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारों की हालत खराब हो गई है। केसरीपुर क्रॉसिंग से संजय सेतु तक कई स्थानों पर बारिश के पानी से मिट्टी कटने के कारण गहरे रेन कट और बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। इनमें झाड़ियां उग आने से कई गड्ढे दूर से दिखाई भी नहीं देते। इससे हाईवे पर सफर करने वाले राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों के लिए हादसे का खतरा बढ़ गया है।बारिश के कारण सड़क के कई हिस्सों में नालीनुमा गहरी दरारें बन गई हैं। जगह-जगह सड़क ऊंची-नीची हो गई है। जलभराव के दौरान गड्ढों और क्षतिग्रस्त हिस्सों का अंदाजा लगाना भी मुश्किल हो जाता है। पानी से बचने के प्रयास में दोपहिया वाहन चालक अचानक दिशा बदलते हैं, जिससे पीछे से आ रहे तेज रफ्तार वाहनों की चपेट में आने का खतरा रहता है।बड़े वाहनों के गुजरने पर सड़क पर जमा पानी उछलकर बाइक सवारों पर पड़ता है। अचानक पानी पड़ने से वाहन चालक का संतुलन बिगड़ने की भी आशंका रहती है। स्थानीय लोगों ने हाईवे के किनारे बने रेन कट और गड्ढों को तत्काल भरवाकर समतलीकरण कराने, झाड़ियों की कटाई कराने और पूरे मार्ग का निरीक्षण कराने की मांग की है। साथ ही जलभराव वाले स्थानों पर जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराने और क्षतिग्रस्त किनारों की मरम्मत कराने की मांग की गई है। लोगों का कहना है कि समय रहते ध्यान नहीं दिया गया तो बारिश के दौरान बड़ा हादसा हो सकता है।





















