रिपोर्ट/विवेक शुक्ला

रामनगर बाराबंकी। थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार को तेज रफ्तार अज्ञात स्कॉर्पियो की टक्कर से सीएनजी ऑटो सवार छह लोग घायल हो गए। घायलों को पुलिस की मदद से एंबुलेंस द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर पहुंचाया गया, जहां एक बच्चे की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।जानकारी के अनुसार बहराइच जनपद के जरवल रोड थाना क्षेत्र स्थित मल्लाहन पुरवा मजरे परसा निवासी राजेश कुमार निषाद अपने भाई रामसुरेश व परिजनों के साथ सीएनजी ऑटो से नैपुरा घाट असंदरा में रिश्तेदारी से वापस घर लौट रहे थे। रास्ते में रामनगर थाना क्षेत्र के अवस्थी पेट्रोल पंप के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार अज्ञात स्कॉर्पियो ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी।हादसे में ऑटो चालक राजेश कुमार निषाद, उनके भाई रामसुरेश, 15 वर्षीय चरण, छह वर्षीय शिवा, रितेश तथा तीन वर्षीय किरण घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी रामनगर भिजवाया।सीएचसी में चिकित्सक डॉ. स्वप्निल सिंह ने घायलों का उपचार किया। गंभीर रूप से घायल छह वर्षीय शिवा की हालत चिंताजनक देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। दुर्घटना के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।























