गरीब छात्रों के लिए MBBS फीस ₹1 लाख करने की मांग !
रिपोर्ट:- राहुल त्रिपाठी
बाराबंकी:- बाराबंकी विधानसभा के विधायक प्रत्याशी सैयद रिज़वान मुस्तफ़ा ने आर्थिक रूप से कमजोर एवं मध्यमवर्गीय परिवारों के होनहार विद्यार्थियों के हित में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री तथा उप मुख्यमंत्री/चिकित्सा शिक्षा मंत्री को ज्ञापन भेजा है। ज्ञापन में उन्होंने मांग की है कि बाराबंकी के स्थायी निवासी गरीब एवं मध्यमवर्गीय छात्रों के लिए मेयो मेडिकल कॉलेज और हिंद मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की वार्षिक फीस अधिकतम ₹1,00,000 निर्धारित की जाए, ताकि आर्थिक अभाव किसी भी प्रतिभाशाली छात्र-छात्रा के डॉक्टर बनने के सपने में बाधा न बने। उन्होंने कहा कि हर वर्ष कई योग्य विद्यार्थी केवल भारी फीस के कारण चिकित्सा शिक्षा से वंचित रह जाते हैं, इसलिए सरकार को विशेष शुल्क रियायत, छात्रवृत्ति, फीस प्रतिपूर्ति और कम ब्याज या बिना ब्याज पर शिक्षा ऋण की व्यवस्था करनी चाहिए। साथ ही उन्होंने स्थानीय विद्यार्थियों को प्राथमिकता देने की नीति लागू करने की भी मांग की। सैयद रिज़वान मुस्तफ़ा ने कहा कि “शिक्षा पर खर्च बोझ नहीं बल्कि राष्ट्र निर्माण में निवेश है,” और सरकार से इस जनहितकारी मांग पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की, जिससे जिले के हजारों युवाओं का भविष्य संवर सके और स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत हो सकें।