Skip to main content

Naradsamvad

लखनऊ का जलवा बरकरार: स्टेट शूटिंग प्रतियोगिता में 37 पदक जीतकर अवध राइफल शूटिंग एकेडमी ने रचा इतिहास

Naradsamvad
Naradsamvad - Narad news Agency
3 Min Read

रिपोर्ट:- राहुल त्रिपाठी

लखनऊ: यू०पी० स्टेट शूटिंग प्रतियोगिता में लखनऊ के निशानेबाजों ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 37 पदक अपने नाम किए और प्रदेश में अपना परचम लहराया। दिल्ली के डॉ. करणी सिंह शूटिंग रेंज में आयोजित 49वीं यू०पी० स्टेट शूटिंग प्रतियोगिता में अवध राइफल शूटिंग एकेडमी की टीम ने स्वर्ण, रजत और कांस्य पदकों पर शानदार निशाना साधते हुए इतिहास रच दिया।

अवध राइफल शूटिंग एकेडमी पिछले 8 वर्षों से लगातार स्वर्ण और रजत पदक जीतती आ रही है, जो इसकी निरंतर उत्कृष्टता को दर्शाता है। इस वर्ष शॉटगन ट्रैप और डबल ट्रैप स्पर्धा में कुल 34 पदक हासिल किए गए, जबकि .22 बोर 50 मीटर राइफल स्पर्धा में 2 स्वर्ण और 1 रजत पदक प्राप्त हुए।

शॉटगन ट्रैप टीम स्पर्धा में लखनऊ की टीम ने 92 अंक हासिल कर स्वर्ण पदक जीता, वहीं दूसरी टीम ने 83 अंक के साथ रजत और तीसरी टीम ने 60 अंक के साथ कांस्य पदक हासिल किया।

व्यक्तिगत स्पर्धाओं में सीनियर मास्टर ट्रैप वर्ग में आईएएस अधिकारी अटल राय ने स्वर्ण पदक जीता। मास्टर ट्रैप NR वर्ग में विक्रम राय ने स्वर्ण और अमित अग्रवाल ने रजत पदक हासिल किया। जूनियर वर्ग में अकबर नकवी ने रजत और गर्वित पाण्डेय ने कांस्य पदक जीता, जबकि यूथ वर्ग में अज़लान असगर ने कांस्य पदक प्राप्त किया।

डबल ट्रैप स्पर्धा में भी लखनऊ के खिलाड़ियों का दबदबा रहा। सीनियर NR वर्ग में गर्वित पाण्डेय ने स्वर्ण और अली फैजान काज़मी ने कांस्य पदक जीता। टीम स्पर्धा में भी लखनऊ की टीम ने बनारस को हराकर स्वर्ण पदक हासिल किया।

सीनियर ट्रैप टीम में रुद्रांश विनायक यादव, यशार्थ मिश्रा और गर्वित पाण्डेय ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि अन्य टीमों ने रजत और कांस्य पदक हासिल किए।

स्मॉल बोर (.22) 50 मीटर राइफल स्पर्धा में अनूप कुमार (PPS) ने 2 स्वर्ण पदक जीतकर राजधानी का नाम रोशन किया, वहीं बलजीत सिंह ने रजत पदक जीता। उनके पुत्र अगम सिंह ने प्री-नेशनल के लिए क्वालीफाई किया।

अवध राइफल शूटिंग एकेडमी के संस्थापक विक्रम राय ने बताया कि सभी खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत और निरंतर अभ्यास का ही परिणाम है कि टीम ने लगातार 8 वर्षों से उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता में जीत हासिल कर सभी खिलाड़ियों ने प्री-नेशनल शूटिंग प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई कर लिया है।

लखनऊ की इस ऐतिहासिक सफलता ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि शहर के निशानेबाज राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराने में सक्षम हैं।

ALSO READ  भारतीय वायु सेना की 94वीं वर्षगांठ पर वाराणसी और चंदौली में विंग्स ओवर गंगेज एयर शो, पीएम मोदी रहे मौजूद
Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
Account
Cart
Search
error: Content is protected !!