रिपोर्ट :- राहुल त्रिपाठी
बाराबंकी: वन एवं वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बाराबंकी वन विभाग को बड़ी सफलता मिली है। रामनगर रेंज की टीम ने ग्राम भगौतीपुर में छापेमारी कर एक व्यक्ति को जीवित अजगर के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान राजू पुत्र खेला निवासी जाजपुर, उड़ीसा के रूप में हुई है। कार्रवाई के बाद आरोपी के खिलाफ वन्य जीव (संरक्षण) अधिनियम 1972 की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
प्रभागीय वनाधिकारी आकाश दीप बधावन के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में वन विभाग की टीम ने अजगर को सुरक्षित कब्जे में लेकर वन अपराध संख्या 21/2026-27 दर्ज की है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अजगर संरक्षित वन्यजीव श्रेणी में आता है और उसका अवैध कब्जा, परिवहन या व्यापार गंभीर अपराध है। वन विभाग ने चेतावनी दी है कि वन्यजीव तस्करी और अवैध शिकार में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।































