रिपोर्ट/संदीप शुक्ला

महादेवा बाराबंकी। पुरुषोत्तम मास (अधिक मास) के तीसरे सोमवार को प्रसिद्ध तीर्थस्थल लोधेश्वर महादेव धाम में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। हजारों श्रद्धालुओं ने साष्टांग दंडवत परिक्रमा कर भगवान लोधेश्वर महादेव का जलाभिषेक और दर्शन-पूजन किया। पूरे मंदिर परिसर में दिनभर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष गूंजते रहे।रविवार रात से ही श्रद्धालुओं का धाम पहुंचना शुरू हो गया था। दूर-दराज क्षेत्रों से आए श्रद्धालु हाथों में गंगाजल, बेलपत्र, फल-फूल और पूजन सामग्री लेकर मंदिर की ओर बढ़ते रहे। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने साष्टांग दंडवत करते हुए परिक्रमा पूरी कर भगवान शिव का अभिषेक किया। परिक्रमार्थियों में महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था। कठिन मार्ग और लंबी दूरी तय करने के बावजूद श्रद्धालुओं के चेहरे पर थकान के बजाय भक्ति और उत्साह दिखाई दिया।मंदिर में जलाभिषेक और दर्शन के बाद श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-समृद्धि तथा मनोकामना पूर्ति की कामना की। मंदिर परिसर और मेला क्षेत्र में अखंड रामचरितमानस पाठ, ओम नमः शिवाय के जाप और अन्य धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन भी चलता रहा, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।अधिक मास के तीसरे सोमवार पर उमड़ी भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। उपजिलाधिकारी आनंद कुमार तिवारी और क्षेत्राधिकारी गरिमा पंत के निर्देशन में पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी लगातार व्यवस्था पर नजर बनाए रहे। थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह, अतिरिक्त प्रभारी सुभाष चंद्र यादव तथा महादेवा चौकी प्रभारी रजनीश कुमार पांडे सुरक्षा कर्मियों के साथ मंदिर परिसर में तैनात रहे और श्रद्धालुओं को सुगमता से जलाभिषेक कराने में जुटे रहे।वहीं मंदिर प्रांगण में लखनऊ जनपद के बंथरा क्षेत्र के बेंती गांव के श्रद्धालुओं द्वारा विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। जलाभिषेक के बाद हजारों श्रद्धालुओं और परिक्रमार्थियों ने प्रसाद ग्रहण किया। भंडारा आयोजकों ने बताया कि उन्हें प्रतिवर्ष बाबा लोधेश्वर की कृपा से सेवा का अवसर मिलता है और आगे भी यह सेवा जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि बाबा लोधेश्वर का दरबार श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है, जहां सच्चे मन से मांगी गई मनोकामनाएं पूरी होती हैं।































