Naradsamvad

[post-views]

सोते परिवार पर काल बनकर चढ़ा बेकाबू डंफर, पिता समेत तीन मासूमों की मौत

रिपोर्टर/नारद संवाद न्यूज़ एजेंसी

बिजली कटौती के चलते घर के बाहर सो रहा था परिवार, एक पल में उजड़ गई पूरी दुनिया

बाराबंकी। फतेहपुर थाना क्षेत्र के फतेहपुर-महमूदाबाद मार्ग पर शनिवार भोर ऐसा दर्दनाक हादसा हुआ, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। झांसा गांव में तेज रफ्तार बेकाबू डंफर सड़क किनारे घर के बाहर सो रहे परिवार पर चढ़ गया। हादसे में पिता समेत तीन मासूम बच्चों की मौत हो गई, जबकि पत्नी जिंदगी और मौत से जूझ रही है। एक ही परिवार के चार लोगों की मौत से गांव में कोहराम मचा हुआ है।झांसा गांव निवासी 35 वर्षीय नीरज अपनी पत्नी आरती और तीन बच्चों 13 वर्षीय अनुराग, 10 वर्षीय अंशिका और 6 वर्षीय आंशू के साथ घर के बाहर चारपाई डालकर सो रहा था। भीषण गर्मी और देर रात बिजली गुल होने के कारण परिवार खुले में सोने को मजबूर था। तभी मौत बनकर आया तेज रफ्तार डंफर परिवार की खुशियां रौंद गया।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक डंफर अचानक अनियंत्रित हो गया और पहले सड़क किनारे पेड़ से टकराया। जोरदार धमाके के बाद वाहन सीधे चारपाई पर चढ़ गया। हादसा इतना भयावह था कि नीरज और बेटे अनुराग की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर की आवाज सुनते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोग घरों से बाहर निकल आए।ग्रामीणों की मदद से गंभीर रूप से घायल अंशिका, आंशू और आरती को आनन-फानन जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने अंशिका और आंशू को भी मृत घोषित कर दिया। वहीं आरती की हालत नाजुक देखते हुए उसे लखनऊ के लोहिया अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।बताया जा रहा है कि नीरज किराए पर मैजिक वाहन चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। मेहनत-मजदूरी कर किसी तरह बच्चों का भविष्य संवार रहा था, लेकिन एक हादसे ने पूरे परिवार को तबाह कर दिया। गांव वालों के मुताबिक नीरज बेहद मेहनती और मिलनसार युवक था। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा है और हर आंख नम है।घटना की सूचना मिलते ही फतेहपुर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए डंफर को कब्जे में ले लिया है। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। कोतवाल अमित प्रताप सिंह ने बताया कि चालक की तलाश की जा रही है और मामले में विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

अन्य खबरे

गोल्ड एंड सिल्वर

Our Visitors

999894
Total Visitors
error: Content is protected !!