रिपोर्ट/विवेक शुक्ला
रामनगर (बाराबंकी)। थाना क्षेत्र के एक गांव में बुधवार शाम एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में निर्माणाधीन कॉलोनी में फांसी के फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार ग्राम रामपुर महा सिंह निवासी रामकुमार का 18 वर्षीय पुत्र सूरज बुधवार शाम घर के पास स्थित एक निर्माणाधीन कॉलोनी में फंदे से लटका मिला। मृतक की मां गौवंशों को चारा देने के लिए वहां गई थीं। इसी दौरान उनकी नजर दरवाजे में रस्सी के सहारे लटके सूरज पर पड़ी। यह दृश्य देखते ही वह चीखने-चिल्लाने लगीं।शोर सुनकर परिजन व आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और युवक को फंदे से नीचे उतारकर तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रामनगर ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।





























