अनुज कौशिक | जालौन3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

पुलिस की तत्परता से बची किसानों की फसल।
जालौन के कुठौंद थाना क्षेत्र में शनिवार रात शंकरपुर चौकी इंचार्ज कुलवंत कुमार सिंह के प्रयास से दर्जनों किसानों की गेहूं की फसल जलने से बच गई। रात्रि गश्त के दौरान भदेख गांव के पास एक खेत में आग की लपटें देखीं। वह तुरंत अपने हमराही सिपाही अमित कटियार के साथ मौके पर पहुंचे।
चौकी इंचार्ज ने फायर ब्रिगेड को सूचित किया और ग्रामीणों को भी बुलाया। दमकल के आने तक वह स्वयं अपनी टीम और ग्रामीणों के साथ कटी हुई गेहूं की फसल को आग से दूर सुरक्षित स्थान पर ले जाते रहे। इस दौरान किसानों के साथ मिलकर लगभग एक घंटे की मेहनत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।

पुलिस और ग्रामीण के मदद से आग पर काबू पाया।
समय पर कार्रवाई से सैकड़ों बीघा खेत की फसल को नुकसान से बचा लिया गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में चौकी इंचार्ज बिना किसी डर के आग के पास जाकर फसल बचाते नजर आ रहे हैं। ग्राम प्रधान और किसानों ने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया। उनका कहना है कि चौकी इंचार्ज की सूझबूझ से उनकी महीनों की मेहनत बच गई।
वहीं चौकी इंचार्ज कुलवंत सिंह ने कहा कि पुलिस का कर्तव्य सिर्फ कानून व्यवस्था तक सीमित नहीं है। नागरिकों की हर संभव मदद करना भी उनकी जिम्मेदारी है।