राज प्रकाश | बस्ती7 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
राष्ट्रीय मुस्लिम मोर्चा द्वारा एक महत्वपूर्ण जिला स्तरीय मिनी तरबियती कैंप का आयोजन किया गया।
उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के गौर विकास खंड में राष्ट्रीय मुस्लिम मोर्चा द्वारा एक महत्वपूर्ण जिला स्तरीय मिनी तरबियती कैंप का आयोजन किया गया। पैकोलिया मुस्लिम बाग में आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता मोर्चा के राष्ट्रीय प्रभारी चांद मोहम्मद ने की, जिसमें विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता चांद मोहम्मद ने समाज में बढ़ती सांप्रदायिक कटुता पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने लव जिहाद और मॉब लिंचिंग जैसे मुद्दों पर गंभीर चिंता जताते हुए समाज में एकजुटता की आवश्यकता पर बल दिया। मुख्य अतिथि चंद्रिका प्रसाद ने उत्तर प्रदेश की गंगा-जमुनी तहजीब को बचाने की वकालत करते हुए हिंदू-मुस्लिम एकता पर जोर दिया।
विभिन्न वक्ताओं ने देश की आजादी और विकास में मुस्लिम समाज के योगदान को याद किया। आरके आरतियन, हृदय गौतम, ठाकुर प्रेम नंदवंशी सहित अन्य वक्ताओं ने नफरत की राजनीति को देश के विकास में बाधक बताया। कार्यक्रम में तौफीक खान, अब्दुल मलिक, मो. अजीम समेत दोनों समुदायों के बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया।